सब याद रखा जाएगा
” All will be Remembered”
( Hindi Poetry)
सब याद रखा जाएगा
वक्त बार बार दोहराएगा
फिर पटक दिया जाएगा
भवरूपी कोल्हू में
जहां बार बार दोहराया जाएगा
हर किए का हिसाब लिया जाएगा
सब याद रखा जाएगा…..
गलत करके गर
तुम समझते हो
कि कौन देख रहा है?
कौन सुन रहा है?
कौन क्या कर लेगा?
ये जो देख रहा है हर कर्म को
वह तुम्हारे ही आंखों में बस रहा है
मर कर जो बंद कर दी गई थी
वही आंखें अब गवाही दे रही हैं कि
सब याद रखा जाएगा…..
सब याद रखा जाएगा
तुम्हारी ही आंखों से
तुम्हारे सब कृत्य दिखाए जाएंगे
भागना भी चाहें हम अगर
भाग नहीं पाएंगे
इसी भव में कैद कर लिए जाएंगे
जब सृष्टि का पालनहार
दया करता है, अपना लेता है
फिर हाथ नहीं छोड़ता
पर्दा डाल देता है अपने ऊपर
छिपकर हृदय में बैठकर
सब देखता है
कौन क्या कर रहा है
सब याद रखा जाएगा
कैसे मना कर पाओगे
जो किया है वह सामने आ जाएगा
कैसे बच पाओगे?
दिल में वही है
जो सुन रहा है हर शोर को
जो गवाह बन रहा है हर बात का
सब याद रखा जाएगा……
जब वक्त आएगा हिसाब देने का
युधिष्ठिर की तरह
107 वे जन्म का चिट्ठा
खोल दिखाया जाएगा
कौन बच पाया है
करतारी नजर से
जो संग संग रहता है
साए की तरह
आज तुम मुकर जाओगे
अहम वश होकर
कल फिर तुम्हें
याद दिलाया जाएगा
सब याद रखा जाएगा
भ्रम है कि हम ही हम हैं
कोई दूसरा नहीं है
देखने वाला यहां
जब तुम छू रहे हो उसे
जो तुम्हारा नहीं
तो यह कंपकंपाता हृदय
खबरदार कर रहा है कि
सब याद रखा जाएगा
एक दिन हिसाब लिया जाएगा “तुराज”